भीलवाड़ा में बैसाखी पर्व आज: गुरुद्वारा साहिब में सजेगा भव्य कीर्तन दरबार

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
शहर के सिंधुनगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार को बैसाखी पर्व (खालसा सृजना दिवस) श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के तहत गुरबाणी कीर्तन, अरदास और लंगर का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
अध्यक्ष इन्द्रपाल सिंह सोनी ने बताया कि पंजाब के लुधियाना से भाई मनप्रीत सिंह ‘अर्श’ के कीर्तनी जत्थे ने सोमवार शाम गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। वहीं मंगलवार को प्रातः 8 बजे से विशेष कीर्तन दीवान सजेगा, जिसमें ज्ञानी करनैल सिंह और सुखबीर सिंह भी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे।
प्रातः 10 बजे सामूहिक अरदास के बाद प्रसाद वितरण होगा, जबकि शाम को पुनः कीर्तन और रात 9:30 बजे अरदास के पश्चात गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा।
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस अवसर पर समाज को गौरवान्वित करने वाले प्रतिभावान सिख विद्यार्थियों व खिलाड़ियों को ‘खालसा अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को लेकर संगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।